Home In Brief नलखेड़ा में माँ बगलामुखी प्राकट्य उत्सव धूमधाम से मनाया गया

नलखेड़ा में माँ बगलामुखी प्राकट्य उत्सव धूमधाम से मनाया गया

भव्य चल समारोह में हजारों पुरुष एवं महिलाएं शामिल

60
माँ बगलामुखी का आकर्षक श्रृंगार।

नलखेड़ा (मध्य प्रदेश, भारत) मध्य प्रदेश के आगर मालवा ज़िले के नलखेड़ा नगर में शुक्रवार को माँ बगलामुखी का प्राकट्य उत्सव गौरव दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर नगर में एक विशाल चल समारोह भी निकाला गया जिसमें हजारों लोगों शामिल हुए।

पूजा अर्चना करते मान्यवर।

इससे पूर्व एक सुसज्जित रथ में माँ बगलामुखी के प्रतीक स्वरूप माँ की प्रतिमा की पूजा अर्चना क्षेत्र के विधायक भैरूसिंह परिहार, पूर्व विधायक राणा विक्रमसिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य दिलीप सकलेचा, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती अंतिम विजय सोनी सहित अन्य लोगों द्वारा की गई।

इसके पश्चात बाजे गाजे ढोल ढमाको एवं ताशा पार्टी के साथ चल समारोह शाम किले के पास स्थित सांवरिया नाथ मंदिर से प्रारंभ हुआ जो नगर के प्रमुख मार्गो से होता हुआ माँ बगलामुखी मंदिर पहुंचा। चल समारोह में युवा एवं बालिकाएं अश्व पर सवार होकर धर्म ध्वजा थामे हुए चल रहे थे। वहीं एक रथ पर माँ बगलामुखी के प्रतीक स्वरूप उनकी प्रतिमा विराजित की गई थी। एक झांकी के रूप में सजे वाहन पर माँ बगलामुखी की तस्वीर रखी गई थी जिसकी कई स्थानों पर महिलाओं द्वारा पूजा अर्चना की गई। युवा ढोल की थाप पर थिरक रहे थे वही अन्य लोग माँ बगलामुखी की जय जयकार लगाते हुए चल रहे थे।

भगवान श्रीनाथजी एवं भगवान जगन्नाथजी का रूप धारण किए कलाकार।

चल समारोह में बाहर से आए कलाकार माँ काली अष्टभुजा वाली माता, भालू, रींछ, कंगारू का रूप धरे शामिल थे जो बच्चों का आकर्षण का केंद्र रहे। चल समारोह में एक ट्राली पर भगवान श्रीनाथजी एवं भगवान जगन्नाथजी का रूप धारण किए कलाकार बैठे हुए थे। एक अन्य ट्रॉली पर युवतियां भजनों पर नृत्य कर रही थी। चल समारोह के माँ बगलामुखी मंदिर पहुंचने पर माँ बगलामुखी की रात्रि में महाआरती की गई जिसमें बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित हुए।

चल समारोह का विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा लगभग एक दर्जन स्थानों पर शामिल लोगों को शीतल पेय पदार्थ पिलाकर एवं पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। प्रातः काल माँ बगलामुखी का अभिषेक पूजन कर चोला चढ़ाकर आकर्षक श्रंगार किया गया वही मंदिर के गर्भ ग्रह सहित पूरे परिसर को भी फूलों से आकर्षक सजाकर विद्युत सज्जा की गई। इस अवसर पर माँ बगलामुखी को छप्पन भोग भी लगाया गया जिसके पश्चात भंडारा आयोजित किया गया जिसमें हजारों लोगों ने महाप्रसादी का लाभ लिया।

तुरंत अपडेट प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें और हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here