Home Asia “आदिवासी समुदाय के अधिकारों के लिए लड़ने वाला काबिल नेतृत्व”

“आदिवासी समुदाय के अधिकारों के लिए लड़ने वाला काबिल नेतृत्व”

विदर्भ की पहली आदिवासी महिला राज्य सभा सदस्य मायाताई इवनाते के सम्मान कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

143
मायाताई इवनाते को सम्मानित करते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (बाएँ) एवं केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी।

नागपुर (महाराष्ट्र, भारत): महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज यहाँ कहा कि संघर्ष, कड़ी मेहनत और पक्के इरादे से अपना असरदार नेतृृत्व बनानेवाली मायाताई इवनाते का राज्य सभा पर चुना जाना गर्व की बात है और सब को प्रेरणा देनेवाली घटना है।

फडणवीस रविवार शाम नागपुर में आयोजित इवनाते के सम्मान समारोह में बोल रहे थे। महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र से राज्य सभा पर चुनी जानेवाली पहली आदिवासी महिला बनने पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। फडणवीस और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी को हाथों इवनाते का सम्मान किया गया।

फडणवीस ने कहा कि एक आम परिवार से आने वाली इवानाते ने अपने शांत स्वभाव, बड़े पैमाने पर जनसंप्रक और लोगों से करीबी रिश्तों की वजह से राजनीति में सफलता हासिल की। नागपुर इलाके में आदिवासी समाज के लिए घर बनाने की शबरी योजना पर निरंतर ध्यान रख कर उन्होंने अहम योगदान दिया। महापौर के तौर पर भी उनका काम शानदार रहा।

फडणवीस ने कहा कि अलग-अलग जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभाते हुए उन्होंने महाराष्ट्र से लेकर देश तक अपनी एक अलग पहचान बनाई है।

इवानाते ने जनजाति आयोग के सदस्य के रूप में काम करने का भी मौका मिला। इसके जरिए उन्होंने अन्याय के शिकार लोगों को न्याय दिलाने और उनकी समस्याएं सुनने का अहम काम किया। उन्होंने कहा कि समाज के लिए लगातार काम करने का उनका नज़रिया खास तौर पर काबिले-तारीफ है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि इवनाते का राज्यसभा के लिए चुना जाना सभी के लिए खुशी और गर्व की बात है। इवनाते ने बहुत मुश्किल हालात में संघर्ष भरा जीवन जिया है। इन सबके बीच उन्होंने अपना सेवा कार्य बिना रुके जारी रखा। इवनाते आदिवासी समुदाय के विकास के लिए लगातार कोशिश कर रही हैं। उनका राजनीतिक और सामाजिक जीवन सभी के लिए प्रेरणा देने वाला है।

इवनाते ने अपने भाषण में कहा कि आदिवासी समाज की पीड़ा मैंने बहुत करीब से देखी है। मुझे समाज के लिए बहुत कुछ करना है। आदिवासी समाज की प्रतिनिधि के रूप में समाज की समस्याएं संसद में उठानी हैं। देश बदल रहा है, और इस बदलाव में मेरे आदिवासी समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहेगा।

इस अवसर पर महाराष्ट्र के आदिवासी विकास मंत्री अशोक उईके, विधायक कृष्णा खोपडे, नागपुर की महापौर नीता ठाकरे, राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय की सीनेट के सदस्य दिनेश शेराम एवं अन्य मान्यवर उपस्थित थे।

कार्यक्रम में कई संगठनों की तरफ से इवनाते के सम्मानित किया गया। इन में आदिवासी विकास युवा संघ, ट्रायबल इंस्टीट्यूट ऑफ मल्टीपरपज एज्यूकेशन सोसायटी, अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद, संयुक्त आदिवासी कृति समिति, आदिवासी उड़ान बहुउद्देश्यीय संस्था, मूलनिवासी आदिवासी महिला मंच शामिल हैं। कार्यक्रम में इन संस्थाओं के पदाधिकारी आकाश मडावी, महेंद्र उईके, अधि. राजेंद्र मरसकोल्हे, विवेक नागभिरे, प्रशांत कुमरे, विनोद मसराम, सदाराम गाते, आशा तुमडाम, डी. भलावी आदि उपस्थित थे।

विवेक नागभिरे ने प्रास्ताविक भाषण किया। महेंद्र उईके ने आभारप्रदर्शन किया।

तुरंत अपडेट प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें और हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here