Home Latin America ब्राज़ील में आदिवासी विरोध के चलते सरकार ने जलमार्ग आदेश किया रद्द

ब्राज़ील में आदिवासी विरोध के चलते सरकार ने जलमार्ग आदेश किया रद्द

अमेज़न जलमार्गों के निजी प्रबंधन की अनुमति देने वाले आदेश के खिलाफ था आंदोलन

27
प्रातिनिधिक चित्र

ब्रासीलिया (ब्राज़ील): ब्राज़ील में आदिवासी समूहों के लिए एक बड़ी जीत में वहाँ की सरकार ने एक विवादास्पद आदेश वापस लिया है, जिसके तहत अमेज़न जलमार्गों का प्रबंधन को निजी कंपनियों को सौप दिया जाता। यह निर्णय अमेज़न क्षेत्र में तपाजोस नदी के किनारे बसे समुदायों द्वारा एक महीने से अधिक समय तक चले विरोध और कब्जे के बाद आया।

इस आदेश पर राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा ने हस्ताक्षर किए थे। पहले बताया गया था कि इसके तहत जलमार्गों को वाणिज्यिक विकास के लिए खोला जाएगा और इससे स्थानीय अर्थव्यवस्थाओं को बढ़ावा मिलेगा। लेकिन आदिवासी समूहों, पर्यावरण संगठनों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने इसका तीव्र विरोध किया। तर्क दिया गया कि इससे व्यापक पर्यावरणीय क्षति होगी और आदिवासी लोगों के अधिकारों का उल्लंघन होगा। विरोध जनवरी के अंत में शुरू हुआ जब मुंडुरुकू और अन्य स्थानीय आदिवासी समूहों के सदस्यों ने तपाजोस नदी की नाकाबंदी शुरू की, जो ब्राज़ीलियाई अमेज़न के हृदय से होकर बहने वाला एक महत्वपूर्ण जलमार्ग है।

यह नदी अपने किनारों पर रहने वाली जनजातियों के लिए गहरी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्ता रखती है। जनजातीय नेताओं ने तर्क दिया कि यह आदेश नदी का नियंत्रण निजी उद्यमों को सौंप देती, जिससे बड़े पैमाने पर वनों की कटाई और उनकी पवित्र भूमि का क्षरण होता।

विरोध तब तेज़ हुआ जब मुंडुरुकू एवं अन्य आदिवासी समुदायों और पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने ब्राज़ील के पारा राज्य के सांतारेम में कारगिल के अनाज हस्तांतरण केंद्र के प्रवेश द्वार पर ट्रक यातायात को अवरुद्ध कर दिया। यह केंद्र अमेज़न जलमार्ग नेटवर्क पर एक महत्वपूर्ण स्थान है। विश्वभर में इस आंदोलन को समर्थन मिला।

तनाव बढ़ने के साथ स्थिति और गंभीर हो गई, जिससे स्थानीय पुलिस बलों के साथ झड़पें भी हुईं। इन चुनौतियों के बावजूद, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अडिग रहे और अपनी भूमि की सुरक्षा तथा आदेश को वापस लेने की मांग करते रहे। पर्यावरण समूहों और आदिवासी अधिकार संगठनों सहित घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों स्रोतों से दबाव में आकर अंततः सरकार ने हुए सोमवार को इस आदेश को रद्द करने की घोषणा की। यह निर्णय नीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव का संकेत देता है और उन आदिवासी समुदायों के लिए जीत है जो लंबे समय से अपनी भूमि की सुरक्षा की माँग कर रहे हैं।

यह विरोध और उसका सफल परिणाम ब्राज़ील में आदिवासी समूहों की बढ़ती शक्ति और दृश्यता को दर्शाता है, जो वाणिज्यिक विकास और वनों की कटाई के बीच अपने अधिकारों को लेकर लगातार मुखर रहे हैं। अमेज़न को अक्सर “पृथ्वी के फेफड़े” कहा जाता है, और यह पर्यावरणीय बहस का केंद्र बना हुआ है, जिसमें आदिवासी समूह वर्षावन की जैव विविधता की रक्षा और जलवायु परिवर्तन से मुकाबला करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

जलमार्ग के आदेश को वापस लेने का निर्णय मुंडुरुकू और अन्य आदिवासी समुदायों के लिए एक महत्वपूर्ण जीत है, जो आत्मनिर्णय के अपने अधिकार और अपनी पैतृक भूमि के संरक्षण के लिए संघर्ष जारी रखे हुए हैं। यह सरकारी और कॉर्पोरेट हितों के सामने जमीनी स्तर के आंदोलन की शक्ति की भी याद दिलाता है।

तुरंत अपडेट प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें और हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here