Home In Brief “उद्योग-व्यवसाय अपनाने से मुख्यधारा में आएगा पारधी समाज”

“उद्योग-व्यवसाय अपनाने से मुख्यधारा में आएगा पारधी समाज”

MCED के राज्य समन्वयक श्रीकांत कुलकर्णी ने कहा

139
समापन कार्यक्रम में संबोधित करते MCED के राज्य समन्वयक श्रीकांत कुलकर्णी। साथ में MCED प्रकल्प अधिकारी करुणा शेंडे, रातुम नागपुर विश्वविद्यालय के सिनेट के सदस्य दिनेश शेराम तथा अन्य।

नागपुर (महाराष्ट्र, भारत): महाराष्ट्र उद्योजकता विकास केंद्र (MCED), एकात्मिक आदिवासी विकास प्रकल्प कार्यालय नागपुर एवं आदिवासी युवा शक्ति संस्था नागपुर के संयुक्त तत्वावधान में १९ फरवरी २०२६ से २० मार्च २०२६ तक महाराष्ट्र के नागपुर जिले के विभिन्न गांवों में पारधी समाज के लिए उद्यमिता जनजागरूकता शिविरों का सफल आयोजन किया गया।

ये शिविर शेषनगर (हिंगणा), गोंडखैरी (कळमेश्वर), चंद्रपुर (हेटी), उमठा (नरखेड), खानगांव (काटोल), राजुरवाड़ी (उमरेड), दहेगांव (उमरेड), वडद (नागपुर ग्रामीण), गरडापार (भिवापूर) तथा चांपा (उमरेड) जैसे क्षेत्रों में आयोजित किए गए, जहां पारधी समाज के लोग बड़ी संख्या में निवास करते हैं।

शिविर में MCED के राज्य समन्वयक श्रीकांत कुलकर्णी, MCED प्रकल्प अधिकारी करुणा शेंडे, डॉ. श्रीकांत गोडबोले, ट्रायबल मिरर की वनश्री सिडाम, आदिवासी उद्योजक शुभम टेकाम, राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय के सिनेट के सदस्य दिनेश शेराम, तथा महाराष्ट्र सरकार के आदिवासी विकास विभाग के निरीक्षक गायकवाड सहित अन्य विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया।

उन्होंने विभिन्न उत्पाद निर्माण, सेवा आधारित उद्योग, स्थानीय संसाधनों पर आधारित लघु उद्योग तथा पशुपालन जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सरकारी योजनाएं, अनुदान, उद्यम शुरू करने के लिए आवश्यक दस्तावेज, लाइसेंस, बीज पूंजी, स्थान और प्रशिक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई।

समापन कार्यक्रम में श्रीकांत कुलकर्णी ने कहा कि यदि पारधी समाज के लोग उद्योग-व्यवसाय को अपनाते हैं, तो वे मुख्यधारा में आकर सफल उद्यमी बन सकते हैं। कार्यक्रम में सहभागी शिविरार्थियों को मान्यवरों के हाथों प्रमाणपत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का प्रास्ताविक आदिवासी युवा शक्ति संस्था नागपुर के अध्यक्ष विजय परतेके ने किया।

इस अवसर पर विद्याताई महेंद्र गोरामन (सरपंच, शेषनगर), गीता रणजीत भोसले (पुलिस पाटील), विलास राजपूत, वर्षा विजय अतकरी (सरपंच, गोंडखैरी), रुपाली झोडापे, संजय पवार, प्रतिभा भोयर, प्रकाश घोरपडे, कमल भूषण परतेकी, तरन्नुम कुरैशी सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्याम कोडापे ने किया तथा आभार प्रदर्शन नितिन इवनाते ने किया।

तुरंत अपडेट प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें और हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here