कैनबरा (ऑस्ट्रेलिया): ऑस्ट्रेलिया के दूरस्थ नगरों में कई मूलनिवासी समुदाय अपने स्वयं के सौर ऊर्जा संयंत्र प्राप्त कर रहे हैं ताकि वे डीजल पर चलने वाले पारंपरिक बिजली जनरेटर पर अपनी निर्भरता कम कर सकें और अपनी ऊर्जा सुरक्षा सुधार सकें।
इनमें पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के जारिंडजिन तथा उत्तरी क्षेत्र के बोरोलूला और सांता टेरेसा समुदाय शामिल हैं। ये सारे समुदा तेजी से स्थानीय स्वामित्व वाली नवीकरणीय ऊर्जा प्रणालियों की ओर बढ़ रहे हैं।
पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के किम्बर्ली क्षेत्र के जारिंडजिन के निवासी एक सामुदायिक सौर और बैटरी माइक्रो-ग्रिड की योजना बना रहे हैं, जिससे बिजली की उनकी अधिकांश आवश्यकता पूरी होगी। यह परियोजना जारिंडजिन मूलनिवासी निगम (DAC) पूरी कर रहा है। इस में आल्गा गूर्लिल नामक नवीकरणीय ऊर्जा प्रणाली शामिल है, इसका अर्थ है “सूर्य कछुआ”। इसके तहत सौर ऊर्जा से बिजली निर्माण करना और बिजली को बौटरी में भंडारण करना है, जिससे स्थानीय बिजली मांग का लगभग ८०% तक हिस्सा पूरा होगा।
जारिंडजिन मुख्य बिजली ग्रिड से बहुत दूर होने के कारण कई चुनौतियों का सामना करता है। बिजली आमतौर पर सरकार द्वारा आपूर्ति किए गए डीजल सिस्टम के माध्यम से उत्पन्न की जाती है, जिन्हें चलाना और बनाए रखना महंगा हो सकता है। बढ़ती ईंधन कीमतों ने इन प्रणालियों पर और दबाव डाला है जारिंडजिन लगभग ४०० बार्डी और जावी मूलनिवासी लोगों का घर है।
उत्तरी क्षेत्र में भी इसी प्रकार के माइक्रो-ग्रिड विकसित किए जा रहे हैं। इसका एक उदाहरण बोरोलूला है, जहां एक सौर सरणी और बैटरी को संघीय सरकार से पूर्ण वित्तपोषण प्राप्त हुआ। इससे समुदाय की ऊर्जा आवश्यकताओं का लगभग ८०% पूरा होने और अपने २५-वर्षीय जीवनकाल के दौरान हर वर्ष लगभग १२ लाख लीटर डीजल बचाने की उम्मीद है।
सांता टेरेसा, जिसे ल्ट्येंट्ये अपुर्टे के नाम से भी जाना जाता है, एक अन्य नगर है जहाँ इसी प्रकार की माइक्रो-ग्रिड प्रस्तावित है। हालांकि यहाँ हर घर पूरी तरह से सौर ऊर्जा में परिवर्तन नहीं करेंगे। इसकी बजाय हर घर को हर महीने लगभग ३० ऑस्ट्रेलियाई डॉलर की बचत होने की उम्मीद है। उत्पन्न बिजली को मुख्य ग्रिड को वापस बेचा जाएगा, जिससे राजस्व उत्पन्न होगा, जिसका उपयोग समुदाय की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए करने की योजना है।
माइक्रो-ग्रिड छोटे बिजली नेटवर्क होते हैं जो स्वतंत्र रूप से या बड़े ग्रिड के साथ जुड़कर काम कर सकते हैं। नवीकरणीय उत्पादन को बैटरी भंडारण के साथ मिलाकर ये प्रणालियां अधिक स्थिर और स्थानीय रूप से नियंत्रित बिजली आपूर्ति प्रदान कर सकती हैं।
तुरंत अपडेट प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें और हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें।




