नागपुर (महाराष्ट्र, भारत): केंद्रीय लोकसेवा आयोग (UPSC) द्वारा ली गई नागरीय सेवा परीक्षा में मूलतः गोंदिया के हेमकृष्ण प्रेमलाल पिसदे ने शानदार सफलता प्राप्त की है। उसका केंद्रीय सेवा के लिए चयन हुआ है।
विशेष बात यह है कि हेमकृष्ण ने नागपुर के कळमना स्थित आदिवासी छात्रों के लिए सरकारी छात्रावास में रहकर परीक्षा की पढ़ाई की और कामयाबी हासिल की हेमकृष्ण मूल रूप से गोंदिया ज़िले की देवरी तहसील के चिचेवाडा गाँव से है। उसकी प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षा ग्रामीण क्षेत्र में हुई। साधारण स्थिति होने के बावजूद उसने खुद परीक्षा की तैयारी की और को कोचिंग क्लास नहीं लगाई।
उसकी सफलता पर छात्रावास परिसर में बुधवार को एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। एकात्मिक आदिवासी विकास परियोजना के परियोजना अधिकारी नितीन इसोकर ने हेमकृष्ण को पुष्पगुच्छ देकर उसे बधाई दी। हेमकृष्ण ने कहा कि छात्रावास में अनुशासित वातावरण और उपलब्ध सुविधाओं के कारण ही पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करना संभव हुआ। उसने कहा कि श्री इसोकर से विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
श्री इसोकर ने कहा कि हेमकृष्ण की सफलता अन्य छात्रों को प्रेरणा देगी। उन्होंने कहा, “मेहनत की तैयारी हो और सही मार्गदर्शन मिले तो ग्रामीण क्षेत्र के छात्र भी दुनिया की कठिन मानी जाने वाली परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकते हैं, यह हेमकृष्ण ने साबित कर दिया है।”
तुरंत अपडेट प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें और हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें।




