नागपुर (महाराष्ट्र, भारत): खेल और पढ़ाई का संतुलन साधते हुए राष्ट्रीय स्तर की तैराक तन्वी सुखदेव धुर्वे ने CBSE की दसवीं कक्षा की परीक्षा में 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। वह नागपुर के स्वामीनारायण स्कूल तथा रोशन स्विमिंग क्लब की छात्रा हैं।
दसवीं की परीक्षा के दौरान ही अहमदाबाद में ‘खेलो इंडिया’ प्रतियोगिता के नेशनल ट्रायल (स्टेज-2) हो रहे थे। परीक्षा के एक दिन पहले तक तन्वी अहमदाबाद में थीं। रात 11 बजे नागपुर पहुंचकर उसने अगले दिन से पेपर देने शुरू किए।
तन्वी पहले ही ‘खेलो इंडिया’ तैराकी प्रतियोगिता में महाराष्ट्र के लिए स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। इसके अलावा वह लगातार दो वर्षों से जूनियर राष्ट्रीय वॉटर पोलो प्रतियोगिता में पदक हासिल कर रही हैं। दसवीं में पढ़ाई के दौरान ही उसने राज्य स्तरीय स्कूल तैराकी प्रतियोगिता में दो कांस्य पदक जीते।
तन्वी अंतरराष्ट्रीय समुद्री तैराक संतोष (सुखदेव) धुर्वे की पुत्री हैं। उनकी माता जिला परिषद में शिक्षिका हैं, जबकि उनका भाई भी राष्ट्रीय स्तर का वॉटर पोलो खिलाड़ी है।
तन्वी की इस दोहरी उपलब्धि पर पूर्व जिलाधिकारी सुधीर दिवे, नगरसेवक दिलीप दिवे, महाराष्ट्र तैराकी संघ के संचित राजेंद्र पालकर, कोच रोशन चौधरी, क्रीड़ा अधिकारी संदीप खोब्रागड़े, डॉ. प्रवीण लामखेडे तथा फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. केविन अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उनका अभिनंदन किया है।
तुरंत अपडेट प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें और हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें।




