नई दिल्ली (भारत): अखिल भारतीय काँग्रेस समिति के मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’में आदिवासी काँग्रेस की राष्ट्रीय आदिवासी सलाहकार परिषद (NTAC) की पहली बैठक बुधवार को संपन्न हुई। इस ऐतिहासिक बैठक में देशभर से आदिवासी काँग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान आदिवासी समाज की ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षा, रोजगार, वन अधिकार, सामाजिक न्याय और समग्र विकास जैसे मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श करते हुए उनके समाधान के लिए ठोस रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया। समिति द्वारा अपनाई जाने वाली नीतियों और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कदमों पर भी मंथन हुआ।
बैठक में उपस्थित विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की चुनौतियां और अनुभव साझा किए। इससे एक व्यापक राष्ट्रीय दृष्टिकोण विकसित करने में मदद मिलेगी। आदिवासी समाज के सशक्तिकरण, उनके अधिकारों की रक्षा और विकास की मुख्यधारा में उन्हें आगे लाने के लिए संगठित प्रयासों की आवश्यकता पर सभी ने एकमत से बल दिया।
बैठक में गडचिरोली–चिमूर लोकसभा क्षेत्र के सांसद नामदेव किरसान ने कहा कि आदिवासी समाज के अधिकार, सम्मान और प्रगति के लिए एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है।
इस ऐतिहासिक बैठक को आदिवासी समाज के हितों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आने वाले समय में इस प्रकार के विमर्श से नीति निर्माण और जमीनी स्तर पर बदलाव को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
तुरंत अपडेट प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें और हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें।




